Headlines

सरगांव में 6.56 करोड़ के विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन और लोकार्पण

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक होंगे मुख्य अतिथि, 24 नवंबर को बस स्टैंड में आयोजित होगा कार्यक्रम

सरगांव। नगर पंचायत सरगांव में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से मंगलवार, 24 नवंबर को भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री धरमलाल कौशिक शामिल होंगे। समारोह दोपहर 1 बजे बस स्टैंड सरगांव में आयोजित होगा। इस दौरान नगर में कुल 6 करोड़ 56 लाख 41 हजार रुपए के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के तहत 5 करोड़ 12 लाख 18 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 1 करोड़ 44 लाख 23 हजार रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

इन कार्यों का होगा भूमिपूजन

भूमिपूजन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 में मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण के लिए 158.95 लाख रुपए, प्रसंस्करण संयंत्र (MRF) की स्थापना एवं उन्नयन के लिए 31.57 लाख रुपए, वार्ड क्रमांक 01 खपरी से वार्ड क्रमांक 02 तक के रास्ते में पुलिया निर्माण के लिए 19.86 लाख रुपए तथा भक्त कर्मा माता की मूर्ति पर छतयुक्त चबूतरा निर्माण के लिए 11.80 लाख रुपए स्वीकृत हैं। इसके अलावा नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली एवं मानस मंच निर्माण के लिए 290 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण

वहीं लोकार्पण समारोह के तहत राधाकृष्ण मंदिर में शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए (सांसद निधि), वार्ड क्रमांक 02 गौठान में शेड निर्माण के लिए 8.08 लाख रुपए (डीएमएफ मद) तथा नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण के लिए 131.15 लाख रुपए के अधोसंरचना संबंधी कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

नगर में सड़क, नाली, स्वच्छता, धार्मिक एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों से नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर नगर पंचायत द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि नगर पंचायत सरगांव के विकास के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं। नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना हमारी प्राथमिकता है। आज भूमिपूजन एवं लोकार्पण के माध्यम से 6 करोड़ 56 लाख 41 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात नगरवासियों को मिलने जा रही है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर में सड़क, नाली, स्वच्छता, मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सरगांव को एक स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित नगर बनाना है। नगरवासियों की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इस विकास यात्रा में जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *