Headlines

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगांव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, 700 छात्राओं को कराया गया विशेष भोज

सरगांव। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगांव में 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की 700 छात्राओं के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों को खीर , पूरी एवं केला परोसा गया। विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्राओं को स्नेहपूर्वक भोजन भी कराया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एल.एल. मरावी ने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों को नियमित रूप से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा शिक्षा के माध्यम से जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

ज्ञात हो कि बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में 13 नवंबर 2026 को बाल आनंद मेला का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही संकुल अकादमिक समन्वयक (CAC), विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

बाल आनंद मेला में छात्राओं द्वारा विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इनमें विज्ञान मॉडल प्रदर्शन स्टॉल, खान-पान के स्टॉल, खेलकूद के स्टॉल तथा छात्राओं द्वारा स्वयं अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक क्राफ्ट (हस्तनिर्मित कलाकृति) के स्टॉल प्रमुख रहे। छात्राओं ने अपने हुनर, रचनात्मकता एवं उद्यमशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। मेले में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना रहा। बाल दिवस एवं बाल आनंद मेला के आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *