सिलपहरी, बिलासपुर। गीतांजलि पावर प्लांट सिलपहरी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी बातें रखीं और प्लांट प्रबंधन के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं। जनसुनवाई में कुछ ग्रामीणों ने प्लांट शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद जताई और कहा कि प्लांट में सबसे पहले स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि गांव के युवाओं को रोजगार मिल सके।
वहीं ग्रामीणों ने प्रदूषण को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने मांग की कि प्लांट से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आधुनिक मशीनें लगाई जाएं, जिससे आसपास के गांवों के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर न पड़े।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने CSR फंड का उपयोग गांव के विकास कार्यों में करने की मांग रखी। उनका कहना था कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
ग्रामीणों ने मजदूरी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि वर्तमान में मिलने वाली 250 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी को बढ़ाकर 400 रुपये किया जाए। अब देखना होगा कि प्लांट प्रबंधन ग्रामीणों की इन मांगों पर कितना अमल करता है।























