कोनारगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोनारगढ़ में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। जन चौपाल में लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर कांग्रेस नेताओं एवं ग्रामीणों ने अपनी बात रखी।

कार्यक्रम का नेतृत्व पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर, शाकंभरी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार पटेल, मंडल प्रभारी उदल कश्यप, मंडल अध्यक्ष राधेश्याम नोरगे, जनपद सदस्य प्रतिनिधि सन्नी यादव, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष नीरज खूंटे सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट ही सबसे बड़ी ताकत है। वोट की रक्षा करना देश और संविधान की रक्षा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने जैसी शिकायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। सत्ता जनता के विश्वास और जनादेश से मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करें तथा अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें।
जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार सुनिश्चित करने के विषय में जागरूक किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम में नारायण साहू, आशुतोष सिंह, सिंकू टंडन, जेठूराम निषाद, गोपाल पांडेय, प्रेमलाल घृतलहरे, नरेश कश्यप, दिलीप सूर्यवंशी, विजय पटेल, अनिरुद्ध मिश्रा, श्यामसुंदर पटेल, सूरज यादव, लक्ष्मी नारायण पात्रे, रामनारायण सूर्यवंशी, प्रफुल यादव, अशोक कश्यप, सेवक निर्मलकर,विनय यादव, रामेश्वर खूंटे, सियाराम नाग, अशोक पटेल, दीपक निर्मलकर, दुर्गेश साहू सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

उपस्थित कांग्रेसजनों एवं ग्रामीणों ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।























