Headlines

पंचायत चुनाव की हार का बदला लेने रची गई थी हत्या की साजिश, सुपारी देकर तुलसी साहू को उतारा मौत के घाट



सरगांव// सरगांव पुलिस ने हत्याकांड के दो और फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार, अब तक सात आरोपी सलाखों के पीछे..

   पंचायत चुनाव में मिली हार की रंजिश और पैसों के लालच ने एक व्यक्ति की जान ले ली। थाना सरगांव क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में हुए तुलसी साहू हत्याकांड में मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में हार की खुन्नस पालकर पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने तुलसी साहू की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि उसने पैसों का लालच देकर अन्य लोगों को इस षड्यंत्र में शामिल किया। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पहले तुलसी साहू का अपहरण किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया था।


पहले पांच आरोपी पहुंचे जेल, अब दो और गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भापुसे) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।


इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी धनीराम साहू सहित भुवन साहू, ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।
वहीं, फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को कुनाल बक्शी और तारकेश्वर बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने पैसों के लालच में वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर 6 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम
कुनाल बक्शी (19 वर्ष) पिता उबारन बक्शी, निवासी वार्ड क्रमांक 03, साई नगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।
तारकेश्वर बघेल (22 वर्ष) पिता करन दास बघेल, निवासी वार्ड क्रमांक 03, साई नगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।


पहले गिरफ्तार हो चुके पांच आरोपी
धनीराम साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम पेण्ड्री ‘स’, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
भुवन साहू (28 वर्ष), निवासी ग्राम किरना, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत (25 वर्ष), निवासी ग्राम पेण्ड्री ‘स’, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
सुरेंद्र जोशी (25 वर्ष), निवासी ग्राम दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।
टीकाराम साहू (53 वर्ष), निवासी ग्राम मोहभट्ठा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक नोखेलाल कुर्रे, यशवंत डाहिरे, अशोक कौशिक तथा आरक्षक राहुल यादव, राहुलकांत कश्यप, राकेश बंजारे, रिपीन बनर्जी, विश्वनाथ सिंह, अजय रावत, पंकज निर्णेजक और अनिल मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


मुंगेली पुलिस की नागरिकों से अपील
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी है। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क करने की अपील भी की गई है।


पंचायत चुनाव की राजनीतिक रंजिश से शुरू हुई साजिश का मामला अब सात गिरफ्तारियों तक पहुंच चुका है। मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों की तलाश को बड़ी सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *