Headlines

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने आज एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुंगेली – छत्तीसगढ़ प्रदेश की लगभग एक लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर आज 27 अक्टूबर को मुंगेली में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। आगर क्लब मुंगेली में धरना स्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर मुंगेली के माध्यम से मुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच, छत्तीसगढ़ की ओर से सौंपा गया। इसमें वर्षों से काम कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का श्रम कानून के तहत नियमितीकरण तथा न्यूनतम 30,000 रुपये मानदेय, कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 25,000 रुपये करना तथा यूएमए योगदान वापस लेना, समूह बीमा, समूह ग्रेच्युटी एवं ईपीएफ की सुविधा, आकस्मिक मृत्यु पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति तथा 5 लाख एवं 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रति माह 1,000 रुपये की वृद्धि, सहायिका से कार्यकर्ता पद पर सीधी पदोन्नति तथा सेवानिवृत्ति पर सम्मानजनक आर्थिक लाभ जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिससे लाखों बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण सेवाएं, देखभाल, टीकाकरण सहयोग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की कई योजनाएं प्रभावित होंगी।

प्रदेश संचालक सुधा रात्रे ने कहा, “आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं वर्षों से बेहद कम मानदेय में पूरी निष्ठा के साथ शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचा रही हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद मांगों का समाधान नहीं हुआ। आज का यह एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन अपने अधिकार और सम्मानजनक जीवन के लिए है। यदि समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।”

जिलाध्यक्ष प्रभा डहरिया ने कहा, “महंगाई के इस दौर में वर्तमान मानदेय पर परिवार का पालन-पोषण करना अत्यंत कठिन हो गया है। विभागीय कार्यों के साथ अनेक शासकीय जिम्मेदारियां भी निभाई जाती हैं, लेकिन अनुरूप सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा। हमारी मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। यदि इन्हें शीघ्र स्वीकार नहीं किया गया तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।”

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष प्रभा डहरिया, जिला सचिव अंजुला सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष पथरिया मामती दिवाकर, ब्लॉक अध्यक्ष मुंगेली मीनाक्षी लाल, अनिता आडिल, नबीर खान, सेक्टर अध्यक्ष कुन्ती घृतलहरे, कोषाध्यक्ष पुष्पा, कार्यकारिणी सदस्य प्रमिला ठाकुर के साथ ललिता टंडन, करुणा ठाकुर, फूलबाई टोंडे, प्रमिला टंडन, गुलशन जोशी, बिंदु दीदी, कमला जायसवाल, सरिता रेखा ठाकुर, पुष्पा और रवीना सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *