Headlines

मदकू महोत्सव के लिए 15 लाख रुपये की अनुदान राशि की घोषणा पर सेवा समिति ने धरमलाल कौशिक का जताया आभार

सरगांव। श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में आयोजित आंगन मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा मदकू महोत्सव के आयोजन हेतु 15 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा किए जाने पर श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। इस संबंध में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के परसदा स्थित निवास पहुंचकर उनके प्रति आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू द्वारा विगत तीन दशकों से मदकू महोत्सव सहित विभिन्न सामाजिक सरोकारों के आयोजन किये जा रहे है। इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन को निरंतरता प्रदान करने और सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से समिति ने विधायक धरमलाल कौशिक के माध्यम से मुख्यमंत्री से प्रतिवर्ष 15 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था। समिति की मांग के परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री द्वारा अनुदान राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई।

समिति के पदाधिकारियों ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा मांग को शासन तक पहुंचाने हेतु धरमलाल कौशिक के प्रति आभार व्यक्त किया। शासन द्वारा अनुदान राशि स्वीकृत करने से मदकू महोत्सव एवं अन्य विभिन्न आयोजन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं लोककला परंपराओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जीवन लाल कौशिक, उपाध्यक्ष राममनोहर दुबे, सचिव भगवती प्रसाद मिश्र, कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, अनिल वर्मा, मनीष साहू, प्रमोद दुबे, कमलेश अग्रवाल एवं नेतराम सोनवानी ,दयाराम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *