Headlines

शिवनाथ पूजन एवं दीपदान महोत्सव में दिया नदी, जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

श्रद्धा, आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ 26वां आयोजन

सरगांव– नदी, जल और प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता तथा संरक्षण का भाव जागृत करने के उद्देश्य से श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू (शिवनाथ घाट) में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिवनाथ नदी पूजन, महाआरती एवं दीपदान महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर शिवनाथ नदी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। यह आयोजन निरंतरता का 26वां वर्ष रहा।

महोत्सव में अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत मदकू की सरपंच श्रीमती विमला सुनील साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव एवं जनपद पंचायत पथरिया के सभापति मनीष साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिवनाथ नदी की महाआरती कर पूजन किया तथा दीपदान के माध्यम से नदी के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत मदकू की सरपंच श्रीमती विमला सुनील साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवनाथ नदी के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने की यह परंपरा आज एक विशिष्ट सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का स्वरूप ले चुकी है। ऐसे आयोजनों से हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है और नई पीढ़ी को अपनी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में नदी, जल और प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता तथा संरक्षण का विशेष महत्व है। नदियों को मां का स्वरूप मानकर उनका पूजन करने और दीपदान की परंपरा हमारी संस्कृति में प्रकृति के प्रति श्रद्धा और संवेदनशीलता का प्रतीक है। यह परंपरा हमें जलस्रोतों के महत्व को समझने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करती है।

समिति के पदाधिकारी राममनोहर दुबे ने आयोजन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिवनाथ पूजन एवं दीपदान महोत्सव की शुरुआत लगभग 25 वर्ष पूर्व स्वर्गीय शांताराम जी की प्रेरणा से की गई थी। इस वर्ष इस आयोजन का 26वां वर्ष है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव निरंतरता के साथ अपनी मूल भावना और उद्देश्य को आगे बढ़ा रहा है।

नदी पूजन एवं दीपदान जैसी परंपराएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि प्रकृति के प्रति मनुष्य की जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और कृतज्ञता का प्रतीक भी हैं। वर्तमान समय में जलस्रोतों का घटता स्तर, नदियों में बढ़ता प्रदूषण तथा पर्यावरणीय असंतुलन गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे समय में शिवनाथ नदी के तट पर आयोजित यह महोत्सव जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
नदी की आरती और दीपदान के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया जाता है कि नदियां केवल जल प्रवाह का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। इनके संरक्षण के बिना मानव जीवन और भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जल की महत्ता समझते हुए नदियों को स्वच्छ रखने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का दायित्व निभाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू पिछले साढ़े तीन दशकों से मदकू द्वीप की सुरक्षा, संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समिति धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ इस ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं प्राकृतिक धरोहर के महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। शिवनाथ पूजन एवं दीपदान महोत्सव भी इसी व्यापक संरक्षण चेतना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शिवनाथ नदी के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए जल, जंगल, जमीन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरणीय चेतना का अनूठा समन्वय प्रस्तुत करने वाला यह आयोजन मदकू द्वीप की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी राममनोहर दुबे, मनीष मिश्रा, प्रदीप चतुर्वेदी, भगवती प्रसाद मिश्र, मनीष अग्रवाल, मनीष साहू,अनिल वर्मा, कमलेश अग्रवाल, रविन्द्र गुप्ता, दयाराम यादव,सुनील साहू, परस साहू, सुरेश साहू, नेतराम सोनवानी सहित ग्राम पंचायत बासीन के सरपंच सोभित साहू, दरुवनकांपा के सरपंच केजू राम कोशले, ग्राम पंचायत मोहभट्ठा सरपंच गणेश वर्मा,ललित यादव सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *