सरगांव। छत्तीसगढ़ में आज से किसान तिहार का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर नगर पंचायत सरगांव स्थित धान खरीदी केंद्र में विधि-विधान के साथ अन्नपूर्णा महारानी की पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का श्रीगणेश किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अन्नदाता किसान भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की प्रक्रिया का शुभारंभ किया और किसानों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के सम्मान, समृद्धि और खुशहाली के लिए संकल्पित है। अन्नदाताओं के कठिन परिश्रम का सम्मान करना और उनके जीवन में आर्थिक समृद्धि लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों की मेहनत से ही प्रदेश की पहचान बनी है। किसान तिहार का यह शुभारंभ अन्नदाताओं के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
पूजा-अर्चना एवं धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही सरगांव धान खरीदी केंद्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
























