Headlines

राज्योत्सव में ‘आयुष कल्पवृक्ष’ बना आकर्षण का केंद्र

नारी स्वास्थ्य एवं आयुष योजनाओं की दी जानकारी, 956 मरीजों को मिला निःशुल्क चिकित्सा लाभ

बिलासपुर 3 नवंबर 2026/ जिला स्तरीय राज्योत्सव के अवसर पर पुलिस ग्राउंड में आयुष विभाग द्वारा ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता प्रदर्शनी आयोजित की गई। जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य, पोषण, मातृत्व संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में कुल 956 मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा लाभ मिला। इनमें आयुर्वेद के 506, होम्योपैथी के 270 एवं यूनानी चिकित्सा के 180 मरीज शामिल थे। शिविर में चिकित्सा एवं योग परामर्श के साथ आयुष काढ़े का वितरण किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण ‘आयुष कल्पवृक्ष’ रहा। इसके माध्यम से सुप्रजा योजना, गर्भ संस्कार, पोषण अभियान, वयोमित्र, एनसीडी, ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं कारुण्य प्रशामक देखभाल की जानकारी दी गई। नवदुर्गा के नौ स्वरूपों से संबंधित औषधीय पौधे प्रदर्शित किए गए। लक्ष्मी तरु के सीड बॉल वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही 25 से 30 महिलाओं को आयुष स्वास्थ्य एवं आरोग्य किट प्रदान की गईं।
महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्टॉल का निरीक्षण किया। आयोजन का समन्वय नोडल अधिकारी डॉ. रश्मि जितपुरे ने किया। विभाग के चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *