*भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री बने राजेंद्र मांडले
भारतीय मजदूर संघ का त्रैवार्षिक अधिवेशन कायस्थ भवन मुंगेली में आयोजित किया गया। अधिवेशन में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। रविकांत सिंह ठाकुर को जिला अध्यक्ष, राजेंद्र मंडले को जिला मंत्री, अजय शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष और मनीष कुमार सोनकर को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेशपुरी गोस्वामी ने की।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह बनाफर उपस्थित रहे। संचालन जिला मंत्री रविकांत सिंह ठाकुर ने किया। अधिवेशन की शुरुआत में राजेशपुरी गोस्वामी ने भारतीय मजदूर संघ की गरिमा, संगठन के उद्देश्यों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन की एकजुटता और श्रमिकों के अधिकारों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की आवश्यकता बताई। मुख्य अतिथि शंखध्वनि सिंह बनाफर ने संगठन की रीति-नीति, कार्यप्रणाली और हाल में किए गए आंदोलनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ मजदूरों की मांगों और समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर मजदूर हितैषी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
जिला मंत्री रविकांत सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और संगठन की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी गठित की गई। प्रदेश महामंत्री ने पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। राजेंद्र मंडले वर्तमान में रसोइया संघ के महामंत्री भी हैं। नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद सदस्यों ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ सहमति जताई। उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। नवनिर्वाचित जिला मंत्री राजेंद्र मांडले ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
- बैठक में शामिल भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी और सदस्य भारी संख्या में उपस्थित रहे।






















