सेतगंगा/मुंगेली। जिला मुख्यालय मुंगेली से 22 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बीजातराई में मंगलवार, 8 अप्रैल को श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं संगीतमय श्री रामकथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस आध्यात्मिक आयोजन का शुभारंभ स्वामी श्री आत्मानंद गिरी महाराज के सानिध्य में हुआ।
कलश यात्रा में साधु-संतों के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालु पुरुषों ने भाग लिया। पीले वस्त्रों में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर जब गांव की गलियों से निकलीं तो वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। ‘जय श्री राम’, ‘जय हनुमान’, ‘श्री लक्ष्मी नारायण की जय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यात्रा दोपहर 3 बजे यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए नदी तट तक पहुँची। वहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिपूर्वक गंगा मैया की पूजा अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने नदी से जल भरकर कलश में स्थापना की और पुनः यज्ञ स्थल पर पहुँचे।
ग्रामवासी लेखराम गबेल ने बताया कि इस महायज्ञ और श्री रामकथा आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में जबरदस्त उत्साह है। आयोजन पूरे 9 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रवचन, भजन, और यज्ञ की विभिन्न विधियां संपन्न होंगी।
गांव के इस दिव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक वातावरण को जागृत किया है, बल्कि सामाजिक समरसता और भक्ति भाव का भी अद्भुत संदेश दिया है।