Headlines

सरस्वती शिशु मंदिर चंदखुरी–बैतलपुर में विद्यारंभ संस्कार, शिशु नगरी एवं मातृ सम्मेलन संपन्न..

सरगांव
सरस्वती शिशु मंदिर, चंदखुरी–बैतलपुर में विद्यारंभ संस्कार, शिशु नगरी एवं मातृ सम्मेलन का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 25 पोषक ग्रामों से आई माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जहाँ मातृ शक्ति के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।


कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुकुल पद्धति के अनुसार 31 भैया-बहनों का विधिवत विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया। साथ ही शिशु नगरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें नन्हे शिशुओं के लिए खेल, शिक्षाप्रद एवं संस्कार आधारित गतिविधियाँ कराई गईं। शिशु नगरी के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं संस्कार निर्माण का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत मुंगेली की सभापति श्रीमती अंबालिका साहू रहीं, जबकि अध्यक्षता पथरिया जनपद पंचायत के सभापति श्री मनीष साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में चंदखुरी ग्राम पंचायत के सरपंच श्री रामदयाल मंडन, शिशु वाटिका प्रांत संयोजिका शुश्री माया तंबोली दीदी, बालिका शिक्षा प्रांत संयोजिका श्रीमती रीता तिवारी दीदी, विभाग समन्वयक श्री गेंदराम राजपूत (बिलासपुर विभाग) एवं जिला समन्वयक श्री पेशीराम साहू (मुंगेली) उपस्थित रहे।


इसके अलावा विद्यालय समिति के अध्यक्ष श्री भोजराम वर्मा, सचिव श्री मनीष अग्रवाल, समिति सदस्य श्री बुधारू निषाद, श्री प्रदीप चतुर्वेदी तथा विद्यालय की प्राचार्य आचार्य दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि श्रीमती अंबालिका साहू ने मातृ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मातृ शक्ति समाज की आधारशिला है। माँ ही संतान को संस्कार, संस्कृति एवं चरित्र की प्रथम शिक्षा देती है। उन्होंने माताओं से बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने, विद्यालय में कराई जा रही गतिविधियों को घर पर भी अपनाने तथा बच्चों को चरित्रवान व राष्ट्रभक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने शिशु वाटिका निर्माण हेतु ₹2 लाख की घोषणा भी की।


अतिथियों ने विद्यालय द्वारा दी जा रही संस्कारयुक्त एवं गुरुकुल परंपरा आधारित शिक्षा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *