Headlines

वार्ड 7 उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस की सीधी टक्कर, सहानुभूति बनाम विकास पर जंग तेज


सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 7 में होने वाले उपचुनाव ने स्थानीय राजनीति का पारा चढ़ा दिया है। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया। समर्थकों की भीड़, नारेबाजी और रैली के बीच चुनावी माहौल पूरी तरह रंग में नजर आया।


यह उपचुनाव भाजपा की निर्वाचित पार्षद राजकुमारी कौशिक के निधन के बाद कराया जा रहा है। ऐसे में इस चुनाव में सहानुभूति फैक्टर सबसे बड़ी चर्चा बनकर उभरा है। भाजपा जहां दिवंगत पार्षद के अधूरे सपनों और विकास कार्यों को मुद्दा बना रही है, वहीं कांग्रेस वार्ड की बुनियादी समस्याओं को लेकर मैदान में उतर चुकी है।
भाजपा ने इस बार वरिष्ठ नेता रामकुमार कौशिक की बहू पूजा कौशिक को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन रैली में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक समेत भाजपा के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने इसे सम्मान और विकास की लड़ाई बताते हुए जनता से समर्थन मांगा।


दूसरी ओर कांग्रेस ने एक बार फिर मालती दुखहरन यादव पर भरोसा जताया है। कांग्रेस नेताओं ने नामांकन के दौरान वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे।


गौरतलब है कि फरवरी 2025 में हुए नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी कौशिक ने कांग्रेस की मालती यादव को 75 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। जीत के बाद उन्हें नगर पंचायत उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली थी, लेकिन 26 मार्च 2025 को स्वास्थ्य कारणों से उनका निधन हो गया। उनके निधन से वार्ड में शोक की लहर दौड़ गई थी।


अब उसी सीट पर होने वाला यह उपचुनाव राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। स्थानीय जानकारों का कहना है कि यह मुकाबला सिर्फ एक वार्ड का चुनाव नहीं, बल्कि नगर पंचायत की आगामी राजनीति की दिशा तय करने वाला संकेत भी साबित हो सकता है।
उपचुनाव के लिए मतदान 1 जून 2026 को होगा, जबकि मतगणना 4 जून 2026 को की जाएगी। नामांकन के बाद अब दोनों दलों ने जनसंपर्क और घर-घर प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

भाजपा प्रत्याशी पूजा कौशिक के नामांकन में धरमलाल कौशिक सहित नरेंद्र शर्मा, कैलाश सिंह ठाकुर, रणजीत सिंह हुरा, पोषण यादव, रामकुमार कौशिक, परमानंद साहू, पंकज वर्मा, सुषमा यादव, समर जुनेजा  मौजूद रहे,

  वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मालती दुखहरन यादव के नामांकन में जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा, मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, लक्ष्मीनाथ साहू, मुकेश मिरी, दिलीप कौशिक, इंदिरा साहू, नेहरू साहू, कृष्णा साहू, मुकेश साहू व मुन्ना खान शामिल रहे।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन अधिकारी SDM श्रीमती रेखा चंद्रा  तहसीलदार अतुल वैष्णव एवं घनश्याम शर्मा नगर पंचायत सरगांव सीएमओ व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *