बच्चों को सड़ा बैंगन खिलाया, ठेके पर चल रहा मध्यान भोजन..

आकस्मिक निरीक्षण में खुला बड़ा खेल, कई समूहों पर कार्रवाई के संकेत

पथरिया/ सरगांव//

  शिक्षा विभाग की लापरवाही और वर्षों से चली आ रही गड़बड़ियों का नतीजा अब खुलकर सामने आ गया है। 9 और 10 सितंबर को पथरिया ब्लॉक के अलग-अलग स्कूलों में हुए आकस्मिक निरीक्षण में मध्यान भोजन योजना की पोल खुल गई। कई जगहों पर बच्चों को मेनू के अनुसार भोजन नहीं मिला, तो कई स्थानों पर सड़ी-गली सब्जियां परोस दी गईं।

सबसे चौंकाने वाली घटना शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बासीन में सामने आई, जहां बच्चों को सड़े हुए बैंगन की सब्जी बनाकर परोसी गई। निरीक्षण टीम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए नोटिस जारी किया है।


ठेके पर चल रहा मध्यान भोजन – नियम विरुद्ध

निरीक्षण में यह भी खुलासा हुआ कि कई जगहों पर शासन द्वारा अधिकृत महिला स्व सहायता समूहों ने संचालन का ठेका दूसरों को दे दिया है। यह पूरी तरह नियमों के खिलाफ है।

किन-किन स्कूलों में ठेका देकर मध्यान भोजन चल रहा है –

शासकीय प्राथमिक शाला बासीन : महामाया महिला स्व सहायता समूह → ठेका पर संचालन।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बासीन : अन्नपूर्णा महिला स्व सहायता समूह → ठेका पर संचालन।

शासकीय प्राथमिक शाला ठेलकी : महिला जागृति स्व सहायता समूह → ठेका पर संचालन।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ठेलकी : महिला जागृति स्व सहायता समूह → ठेका पर संचालन।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बड़ियाडीह : राधा महिला स्व सहायता समूह → ठेका पर संचालन।

इन सभी जगहों पर प्रधान पाठकों व CSC द्वारा निगरानी नहीं की गई, जिसके कारण हालात बिगड़े। उनको नोटिस जारी हुआ।


कहां क्या गड़बड़ी मिली

शासकीय प्राथमिक शाला पथरगढ़ी : बहुउद्देशीय सहकारी समिति पथरगढ़ी के जिम्मे, लेकिन बच्चों को केवल दाल-चावल और आचार परोसा गया, सब्जी-पापड़ गायब।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पथरगढ़ी : महामाया महिला स्व सहायता समूह के जिम्मे, लेकिन यहां भी बच्चों को सिर्फ दाल और आचार दिया गया।

संकुल केंद्र बासीन : बच्चों को सड़ी-गली सब्जियां परोसी गईं।

अन्य स्कूलों में : बच्चों को भोजन कम मात्रा में दिया गया, मेनू का पालन नहीं।


वर्षों की लापरवाही से बनी स्थिति

ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि पथरिया ब्लॉक में यह स्थिति अचानक नहीं बनी, बल्कि पुराने शिक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही का नतीजा है। शिकायतों को दबाने और जांच को लेन-देन से खत्म करने का चलन वर्षों से चला आ रहा था।

निरीक्षण के दौरान मध्यान भोजन करते अधिकारी

नए बीईओ से उम्मीद..

अब नए विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतिभा मंडलोई के आने के बाद हालात बदलने की उम्मीद जगी है। लगातार निरीक्षण और नोटिस जारी होने से स्व सहायता समूहों और जिम्मेदार प्रधान पाठकों में हड़कंप मचा है। विभाग ने सभी को 2 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया है।


🟦 बीईओ पथरिया का सख्त बयान

“मध्यान भोजन बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ा हुआ है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। ठेका देकर संचालन करना नियम विरुद्ध है और बच्चों को सड़ी-गली सब्जी परोसना बेहद शर्मनाक है। सभी जिम्मेदारों को नोटिस जारी किया गया है। यदि 2 दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दोषी समूहों को कार्य से पृथक कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
प्रतिभा मंडलोई, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पथरिया


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *