सरगांव//माण्डूक्य ऋषि की तपःस्थली श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में प्रतिवर्षानुसार महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर त्रिदिवसीय शिव आराधना महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारंभ आज कलशयात्रा के साथ हुआ। प्रातः महामाया मंदिर मदकू से कर्मा नर्तक दल एवं बाजे गाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई।

जिसमें महामाया मंदिर मदकू से मदकू, ठेलकी, बासिन, बड़ियाडीह, देवाकर, लमती, किरना, मदवानी दरूवनकापा, बारगांव आदि 20 गांवों की बालिका एवं महिलायें सम्मिलित हुई। कलशयात्रा के साथ चल रहे करमा नृत्य दल विशेष आकर्षण का केंद्र था।कलश यात्रा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता दी।
कलशयात्रा के यज्ञमण्डप में प्रवेश के साथ यज्ञारंभ हुआ। तीन आवृत्ति रूद्राभिषेक पश्चात हवन हुआ। आयोजन में आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भण्डारे में प्रसाद ग्रहण किया।
उक्त आयोजन में आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य जुटे हुए हैं।
त्रिदिवसीय शिव आराधना महोत्सव के द्वितीय दिवस महाशिवरात्रि को रूद्राभिषेक, हवन एवं रात्रि में अहोरात्र- रूद्राभिषेक किया जावेगा।
द्वीप क्षेत्र में की जाने वाली साधना का विशेष महत्व
मदकूद्वीप चारों तरफ़ शिवनाथ नदी से घिरा हुआ है और यही पर आकर शिवनाथ नदी दक्षिण से आकर उत्तर-पूर्व की ओर कोण बनाते हुए ईशान कोण में बहने लगती है।
हिन्दु धर्म में एवं हमारे प्राचीन वास्तु शास्त्र के हिसाब से जिस जगह में कोई नदी ईशान कोण में बहती है उसे पवित्र माना जाता है। हिन्दु धर्म में ऐसे ही स्थान पर मन्दिरो, बड़े नगरों एवं राजधानियों की स्थापना की जाती रही है। २१ डिग्री को सबसे ज्यादा पवित्र माना जाता है , अयोध्या में सरयू २२ डिग्री पर है, प्रयाग मे २३ डिग्री है | यहा़ँ माण्डूक्य द्वीप में यह २२ डिग्री पर है | यही कारण है कि पुरातन काल से ही इस स्थल का सनातन धर्म मानने वालों के लिये सदा से विशेष आध्यात्मिक महत्व का क्षेत्र रहा है | धार्मिक स्थल होने के कारण यहा पूजा पाठ एवं विशाल यज्ञ होते थे।
आज कलशयात्रा में जिला पंचायत सभापति अम्बालिका साहू,नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू, जनपद सभापति मनीष साहू,भाजपा मण्डल अध्यक्ष पोषण यादव,पंकज वर्मा, उदित साहू,रघु ठाकुर, विरेन्द्र तिवारी, बिहारी राजपूत, सुंदर साहू , जनपद सदस्य संजीव नेताम, लक्ष्मण साहू एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी जीवन लाल कौशिक, राममनोहर दुबे, प्रदीप शुक्ला, प्रदीप चतुर्वेदी, मनीष मिश्रा, भगवती प्रसाद मिश्र, मनीष अग्रवाल,परस साहू, प्रमोद दुबे, नेतराम सोनवानी, रामकुमार गायकवाड़, संतोष तिवारी, डाॅ रामेश्वर वर्मा, विमला सुनील साहू, सरपंच, ग्राम पंचायत मदकू,केजूराम कोशले सरपंच,दरूवनकांपा, श्रीमती जलवती घृतलहरे, सरपंच, ग्राम पंचायत किरना, सोहित साहू,सरपंच ग्राम पंचायत बासिन सहित बड़ी मदकू, ठेलकी, बासिन, बड़ियाडीह, देवाकर, लमती, किरना, मदवानी दरूवनकापा, बारगांव,चंद्रखुरी,परसवानी,कड़ार,कोटमी,अकोली,दतरेंगी,अमलडीहा,घुठिया,मदवानी आदि ग्रामों के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता दी।
















