Headlines

मुंगेली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का दो दिवसीय धरना 26-27 फरवरी को


मुंगेली। लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं 26 और 27 फरवरी को दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।


संयुक्त मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर समय-समय पर ज्ञापन सौंपकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। हाल ही में पेश बजट में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों की अनदेखी किए जाने से नाराजगी बढ़ी है। साथ ही पिछले वर्ष के बजट की राशि में कटौती का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठाया गया है।


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 और 27 फरवरी को दोपहर 11 बजे से शाम 3 बजे तक जिला मुख्यालय के आगर क्लब सभा के सामने धरना, सभा और प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने की भी जानकारी दी गई है।


संयुक्त मंच ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *