बिलासपुर ग्रामीण की राजनीति में कांग्रेस ने एक बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए युवा नेता सुनील साहू को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण (ओबीसी विभाग) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (ओबीसी विभाग) द्वारा की गई इस नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्रभर में मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की गई।
छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाने वाले सुनील साहू लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवा कांग्रेस बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया है। जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और संघर्षशील कार्यशैली के कारण वे युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं।
सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता लगातार बनी रही है। उनकी पत्नी नगर पालिका बोदरी से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में उनका जनसंपर्क और मजबूत माना जाता है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और मेहनत को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में साहू समाज की मजबूत पकड़ को देखते हुए कांग्रेस का यह फैसला आने वाले समय में संगठन को नई मजबूती दे सकता है। खासतौर पर युवाओं और पिछड़ा वर्ग के बीच पार्टी को इसका सकारात्मक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील साहू ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे युवाओं और पिछड़ा वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुनील साहू के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और बिलासपुर ग्रामीण में कांग्रेस और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।
युवा चेहरे पर कांग्रेस का भरोसा: सुनील साहू को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
