Headlines

बारात में चाकूबाजी कर फरार आरोपी गिरफ्तार, पेंड्रा रोड स्टेशन पर पुलिस ने दबोचा

मुंगेली। बारात में आए लोगों के साथ अश्लील गाली-गलौज और चाकू से मारपीट करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी के डर से छिपता फिर रहा था। साइबर टीम और थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी रवि वर्मा (20 वर्ष), पिता मनोज वर्मा, निवासी ग्राम लखराम थाना रतनपुर जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) ने 9 मई 2026 को अपने साथी सुधीर केवट के साथ मिलकर बारात में आए लोगों को अश्लील गालियां देते हुए चाकू, हाथ एवं मुक्के से मारपीट की थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले के मुख्य आरोपी सुधीर केवट को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल मुंगेली भेज चुकी है। वहीं फरार आरोपी रवि वर्मा लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली एवं उप पुलिस अधीक्षक पथरिया के मार्गदर्शन में साइबर टीम मुंगेली और थाना सरगांव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जानकारी मिली कि आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से उज्जैन से सफर कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम पेंड्रा रोड स्टेशन पहुंची और ट्रेन में चढ़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पहले गोलमोल जवाब देता रहा और उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जाना बताया। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वारदात के बाद पुलिस के डर से उज्जैन में छिपा हुआ था। पैसे खत्म होने के बाद वह घर लौटकर पैसे लेकर जगन्नाथ पुरी जाने की योजना बना रहा था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा (उप निरीक्षक), साइबर टीम के प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे तथा आरक्षक राहुल यादव और हकीम अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *