सरगांव। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में पथरिया विकासखंड के ग्राम धूमा एवं बारगांव (सरगांव) के दो युवाओं के चयन से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। अग्निवीर भर्ती में दीनानाथ मरावी एवं मनीष कुमार ध्रुव का चयन जीडी (जनरल ड्यूटी) पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों द्वारा उनका सम्मान किया गया।
अत्यंत साधारण एवं निर्धन आदिवासी परिवार से आने वाले दोनों युवाओं ने सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की। गांव के मैदानों, पगडंडियों और सड़कों पर नियमित दौड़ लगाकर उन्होंने शारीरिक दक्षता की तैयारी की और देशसेवा का सपना साकार किया।
सरगांव बस स्टैंड स्थित भक्त माता कर्मा मंदिर के पास आयोजित सम्मान समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी बाबा परेटन गिरी एवं जनपद सदस्य व सभापति मनीष साहू ने दोनों युवाओं का पुष्पमाला पहनाकर, प्रतीक चिन्ह भेंट कर तथा मुंह मीठा कराकर सम्मान किया। इस दौरान भारत माता के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
समाजसेवी बाबा परेटन गिरी ने दोनों युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और वे अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बने हैं। वहीं जनपद सदस्य मनीष साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर देशसेवा के लिए चयनित होना गर्व की बात है। उनकी मेहनत और लगन युवाओं में देशप्रेम का नया उत्साह भर रही है।
ज्ञात हो कि दीनानाथ मरावी एवं मनीष कुमार ध्रुव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदकू के मेधावी छात्र रहे हैं। विद्यालयीन शिक्षा के बाद शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं कठिन परिश्रम से उन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य शंकर लाल साहू, संकुल समन्वयक भगवती प्रसाद मिश्र, दयाराम यादव, व्याख्याता राजेश कुमार साहू, हरिशंकर लहरी, नाथूराम ध्रुव, प्रधानपाठक मोतीलाल अनंत, ललित कुमार यादव, देवेन्द्र कुमार साहू एवं समाजसेवी युवा कार्यकर्ता उदित साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अग्निवीर भर्ती में चयनित युवाओं का हुआ सम्मान, क्षेत्र में खुशी की लहर
