मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी/कोंडागांव//
राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार श्री तुषार मानिक के साथ हुई मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना के विरोध में राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के विरोध में जिला राज्य प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा शुक्रवार 29 मई 2026 को कलमबंद (Pen Down) आंदोलन किया गया।

अधिकारियों ने इस घटना को प्रशासनिक तंत्र की गरिमा, निष्पक्षता एवं कार्यस्वतंत्रता पर गंभीर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है। आंदोलन के दौरान अधिकारियों ने अपने नियमित प्रशासनिक कार्यों से विरत रहकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया।
इसी क्रम में जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी तथा जिला कोंडागांव में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
अधिकारियों का कहना है कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जा सकता है। घटना को लेकर प्रशासनिक महकमे में गहरा रोष व्याप्त है।

