Headlines

सरगांव वार्ड 7 उपचुनाव में 96.75 प्रतिशत मतदान, अब परिणाम का इंतजार


सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 7 में पार्षद पद के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। भाजपा प्रत्याशी पूजा कौशिक और कांग्रेस प्रत्याशी मालती दुखहरन यादव के बीच हुए इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान केंद्र क्रमांक-01 सरगांव में कुल 96.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया


निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सुबह 8 बजे शुरू हुआ मतदान निर्धारित समय तक जारी रहा। केंद्र में कुल 328 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 166 पुरुष एवं 162 महिला मतदाता शामिल रहे।

  मतदान समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि वार्ड क्रमांक 7 में यह उपचुनाव पूर्व पार्षद स्वर्गीय राजकुमारी कौशिक के निधन के कारण कराया गया। भाजपा ने उनकी बहू पूजा कौशिक को प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने मालती दुखहरन यादव को मैदान में उतारा। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। भाजपा की ओर से बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने मोर्चा संभाला, वहीं कांग्रेस के पक्ष में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगा था।
मतदान के दिन मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही केंद्र पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, तहसीलदार अतुल वैष्णव, नगर पंचायत सरगांव के मुख्य नगर पालिका अधिकारी घनश्याम शर्मा सहित निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, कानून व्यवस्था और मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई, जिसके चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।


उच्च मतदान प्रतिशत ने दोनों प्रमुख दलों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं सहित वार्डवासियों की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं, जो तय करेगा कि वार्ड क्रमांक 7 की जनता ने विकास की निरंतरता को चुना है या बदलाव के पक्ष में अपना मत दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *