Headlines

दो वर्षों से अधूरा पड़ा स्कूल का अहाता और शौचालय निर्माण, नायब तहसीलदार ने किया निरीक्षण, अब जल्द बनने की उम्मीद..

सरगांव/खपरी। रानी अवंतीबाई लोधी शासकीय प्राथमिक शाला, खपरी में पिछले दो वर्षों से अहाता (बाउंड्रीवाल) और शौचालय निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार तहसील जनदर्शन एवं कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका था।


पूर्व पार्षद प्रतिनिधि विष्णु राजपूत ने बताया कि स्कूल परिसर के पीछे रामधीन साहू पिता सीताराम साहू निवासी खपरी तथा बगल में भीष्म ठाकुर द्वारा भूमि पर कथित कब्जा किए जाने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। संबंधित पक्षों के पास पट्टा होने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्कूल के बच्चों और स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार शौचालय निर्माण अधूरा होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों, विशेषकर छात्राओं को शौच के लिए पड़ोसियों के घरों अथवा खेत-खलिहानों का सहारा लेना पड़ता है। इससे उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है और किसी अनहोनी की आशंका से अभिभावक भी चिंतित हैं।


पूर्व सचिव रामेश्वर साहू ने जानकारी दी कि पंचायत खाते में उक्त निर्माण कार्य के लिए लगभग चार लाख रुपये की राशि उपलब्ध है, लेकिन भूमि विवाद और कथित कब्जे के कारण राशि का उपयोग नहीं हो पाया है तथा निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सरगांव के नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्री, हल्का पटवारी रामकुमार श्याम सहित राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।


नायब तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए भूमि संबंधी विवाद का निराकरण किया जाएगा, ताकि कथित कब्जा हटाकर स्कूल के अधूरे अहाता और शौचालय निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जा सके।


ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लंबे समय से लंबित इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *