सरगांव समिति प्रबंधक को नोटिस, अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
मुंगेली, 07 जनवरी 2026।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने पथरिया विकासखंड के धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर एवं धूमा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रगति, किसानों को दी जा रही सुविधाएं, टोकन व्यवस्था, रकबा समर्पण एवं खरीदी की मात्रा की विस्तार से जानकारी ली।
धान खरीदी केंद्र सरगांव में निरीक्षण के दौरान धान का समुचित स्टेकिंग नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अव्यवस्था को गंभीर लापरवाही मानते हुए समिति प्रबंधक श्री धनुष राम साहू को फटकार लगाई गई तथा उन्हें नोटिस जारी करने और केंद्र का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सहकारिता निरीक्षक एवं फूड इंस्पेक्टर की लापरवाही पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त एसएडीओ कोसले की लापरवाही पर भी वेतन रोकने के आदेश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल एवं वजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर धान विक्रय, टोकन और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। धान खरीदी केंद्र सांवतपुर में बताया गया कि यहां 650 पंजीकृत किसानों में से 400 से अधिक किसान धान विक्रय कर चुके हैं तथा 43 हेक्टेयर से अधिक रकबे का समर्पण किया गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में धान की रीसाइक्लिंग नहीं होनी चाहिए और केवल किसानों की वास्तविक उपज का ही खरीदी की जाए। वहीं धान खरीदी केंद्र धूमा में सभी किसानों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
अंत में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को राइस मिलों की सतत निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, जिला खाद्य अधिकारी श्री हुलेश कुमार डड़सेना, जिला विपणन अधिकारी श्री मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।