Headlines

सरगांव में होली मिलन समारोह का आयोजन, विधायक धरमलाल कौशिक रहे मुख्य अतिथि

सरगांव स्थित त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल में रामकृष्ण मंदिर समिति के तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय होली मिलन समारोह ‘फाग महोत्सव’ का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस आयोजन में फाग टोलियों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा।
समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएँ और युवा शामिल हुए। रंग, गुलाल, फूलों और पारंपरिक फाग गीतों के साथ पूरे वातावरण में होली का उल्लास देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ की गई।


इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक ने सभी क्षेत्रवासियों को होली पर्व और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सभी भेदभाव भूलकर एक-दूसरे को गले लगाने और समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएँ हमें मिल-जुलकर रहने का संदेश देती हैं तथा होली जैसे पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा और खुशियों का संचार करते हैं। उन्होंने लोगों से त्योहारों को शांति, सद्भाव और स्वच्छता के साथ मनाने का आग्रह किया।


विधायक कौशिक ने महतारी वंदन योजना सहित क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं और जनता के सहयोग से क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


कार्यक्रम को बिलासपुर के पूर्व सांसद लखन लाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी और जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी, फाग गीत, लोकनृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को होली के रंगों से सराबोर कर दिया।


कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे पर टेसू के फूल बरसाते हुए होली की शुभकामनाएँ दीं। आयोजन समिति के संरक्षक राजेश त्रिवेदी ने अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।


कार्यक्रम का संचालन रिया गुप्ता और ललित यादव ने किया। इस अवसर पर विपिन वर्मा, अंबालिका साहू, ज्योति रिंकू सिंह, निश्चल गुप्ता, सोमेश तिवारी, हरीशंकर वर्मा, परमानंद साहू, पोषण यादव, शिव पांडेय, रामकुमार कौशिक, रणजीत सिंह हूरा, दुकलहा साहू, संजय राजपूत, हुलसी रघु वैष्णव, सतीश शर्मा, हरीचंद साहू, लव श्रीवास, इंद्रजीत सिंह, उमाशंकर कश्यप, रितेश यादव, तरुण अग्रवाल, मनीष साहू, गणेश वर्मा, अशोक कंवर, उदित साहू, भोज सिंह ठाकुर, गोपाल सिंह, निखिल कौशिक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *