सरगांव। स्थानीय त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र तारुण डेंबरा ने अखिल भारतीय Joint Entrance Examination (JEE) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 99.74 प्रतिशत अंक अर्जित कर 4258वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
तारुण, श्री भरत लाल डेंबरा और श्रीमती ममता डेंबरा के सुपुत्र हैं। वे बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और पढ़ाई के साथ-साथ सृजनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भाग लेते रहे हैं। एक कुशल अभियंता बनकर देश के लिए योगदान देने का उनका सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री राजेश त्रिवेदी ने तारुण की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन प्रदान करना ही उनका लक्ष्य रहा है, ताकि वे अपने सपनों को नई उड़ान दे सकें।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सुशांत स्वपन देवनाथ ने भी तारुण को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्र पूर्व वर्षों में भी JEE और National Eligibility cum Entrance Test (NEET) जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष से विद्यालय परिसर में ही ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कोचिंग की सुविधा प्रारंभ की गई है, ताकि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को बाहर न जाना पड़े। साथ ही, विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति एवं नियमित करियर गाइडेंस कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने की योजना भी बनाई गई है।















