सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 7 में हुए पार्षद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी पूजा कौशिक ने शानदार जीत दर्ज की है। मतगणना में भाजपा उम्मीदवार पूजा कौशिक को 209 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मालती दुखहरन यादव को 117 मत मिले। वहीं 2 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। कुल 328 मतों की गणना की गई।
पूजा कौशिक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मालती दुखहरन यादव को 92 मतों के अंतर से पराजित किया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 7 में यह उपचुनाव पूर्व पार्षद स्वर्गीय राजकुमारी कौशिक के निधन के कारण कराया गया था। भाजपा ने उनकी बहू पूजा कौशिक को प्रत्याशी बनाया था। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। भाजपा की ओर से बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने प्रचार की कमान संभाली थी, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने जनसंपर्क किया था।

इस उपचुनाव में कुल 96.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो मतदाताओं के उत्साह को दर्शाता है। मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, तहसीलदार अतुल वैष्णव, नगर पंचायत सरगांव के मुख्य नगर पालिका अधिकारी घनश्याम शर्मा सहित निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
भाजपा प्रत्याशी पूजा कौशिक की जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजकुमारी कौशिक के प्रति जनता के विश्वास और भाजपा की विकास नीतियों पर मुहर बताया है। वहीं कांग्रेस ने भी लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान करते हुए विजेता प्रत्याशी को शुभकामनाएं दी
