मनियारी सल्फा नेशनल हाईवे में चक्का जाम
मुंगेली जिले के सरगांव तहसील ग्राम रामबोड़ स्थित वासुदेव ट्रेड प्लांट में हुए ट्रक हादसे में एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है। मृतक की पहचान धर्मेंद्र यादव, निवासी ग्राम करही, तहसील सरगांव, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।
कांग्रेस नेता आशुतोष पांडे ने आरोप लगाया है कि हादसे को तीन दिन बीत जाने के बावजूद प्लांट प्रबंधन द्वारा घटना की सही जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही पीड़ित परिवार को किसी प्रकार के मुआवजे का आश्वासन दिया गया है।
आशुतोष पांडे का कहना है कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन और चक्का जाम जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और प्लांट प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ब्रेकिंग अपडेट: मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी, प्रशासन और प्लांट प्रबंधन पर बढ़ा दबाव।
