मुंगेली जिले के रामबोड़ स्थित वासुदेव ट्रेड प्लांट में ट्रक हादसे में युवक की मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मृतक धर्मेंद्र यादव, निवासी ग्राम करही, तहसील सरगांव, जिला मुंगेली के परिजनों को मुआवजा मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मुआवजे की मांग को लेकर क्षेत्र में चक्का जाम किया गया था। कांग्रेस नेता आशुतोष पांडे, दिलीप कौशिक सहित स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग उठाई थी।
इस बीच सरगांव तहसीलदार अतुल वैष्णव के अथक प्रयासों से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया गया। प्रशासन, प्लांट प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच हुई चर्चा के बाद सहमति बनी, जिसके पश्चात चक्का जाम तत्काल प्रभाव से खोल दिया गया।
स्थानीय लोगों ने तहसीलदार अतुल वैष्णव की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से मामले का समाधान संभव हो सका और पीड़ित परिवार को राहत मिली।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।
