Headlines

सड़क या समंदर? बिल्हा में सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में ‘मछली मार’ कर सरकार और विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा

नगपुरा-धमनी-सेंवार-कड़ार से झाल मार्ग पूरी तरह जर्जर, पहली ही बारिश में राहगीर परेशान स्थानीय भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक की निष्क्रियता और सरकार के ‘झूठे विकास’ के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी |

बिलासपुर/बिल्हा :
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगपुरा, धमनी, सेंवार, कड़ार से होते हुए झाल जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने एक अनूठा और तीखा विरोध प्रदर्शन किया। पहली ही मानसून की बारिश में इस मुख्य मार्ग ने किसी बड़े तालाब का रूप ले लिया है। प्रशासन और स्थानीय भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक की अनदेखी से नाराज कांग्रेसियों ने आज सड़क के बीचों-बीच भरे पानी और गड्ढों में जाल डालकर ‘मछली पालन’ और ‘मछली मारने’ का स्वांग रचकर अपना विरोध दर्ज कराया।

यह अनोखा प्रदर्शन राहगीरों और आम जनता के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथ में मछली पकड़ने का जाल और बाल्टियां लेकर सरकार के ‘झूठे विकास’ की पोल खोली। कार्यकर्ताओं ने “सड़क है या तालाब? विधायक जी दो जवाब!” और “कौशिक जी की कैसी माया, सड़क को ही तालाब बनाया!” जैसे गगनभेदी नारों के साथ स्थानीय विधायक और सूबे की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सड़क पर चलना हुआ दुश्वार, आए दिन हो रहे हादसे-सुनील साहू
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि नगपुरा से झाल को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है। इस मार्ग से रोजाना हजारों ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। पिछले लंबे समय से यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और अब पहली ही बारिश में इसमें दो-दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। सड़कों पर पानी इस कदर लबालब भरा है कि वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा ही नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

विधायक की निष्क्रियता से जनता में भारी आक्रोश-लक्ष्मीनाथ साहू
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने स्थानीय भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद विधायक जी क्षेत्र की जनता की सुध लेना भूल गए हैं। बिल्हा की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। एक तरफ सरकार बड़े-बड़े विकास के दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ धरातल पर सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। अगर इस मुख्य मार्ग का सुधारीकरण और निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


इस दौरान प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग विभाग सुनील साहू, तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, बिल्हा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक, जिला महामंत्री मिश्रा गाँधी बंजारे, शिव यादव, महेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष हजारी भारद्वाज, ब्रजेश दुबे, डेरिहा कांत, राहुल राजपूत, वासु निर्मलकर, अनिल चेलकर, कुणाल मरकाम, राहुल भारद्वाज, कुंदन साहू, पिंटू रजक, सीकेश मरकाम, साहिल टंडन सहित स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पीड़ित ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *