Headlines

रायपुर में कमलेश्वर पटेल ने कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का दिया संदेश, राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

रायपुर। मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, रायपुर पहुंचे। यहां उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा/दान अनियमितता के मुद्दे पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया।


प्रेस वार्ता के दौरान श्री पटेल ने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़े मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े किसी भी विषय में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।


इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अधिवक्ता दिलीप कौशिक ने श्री कमलेश्वर पटेल से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विमल साहू, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस मुंगेली के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र यादव तथा शत्रुघ्न निषाद भी उपस्थित रहे।


भेंट के दौरान पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री कमलेश्वर पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आम जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने तथा पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने के लिए संगठित होकर कार्य करें। उन्होंने संगठन की मजबूती को कांग्रेस की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से समर्पण और सक्रियता के साथ जनता के बीच रहने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *