Headlines

बाहरी राज्यों से आने वाले श्रमिकों के पुलिस सत्यापन की मांग, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने सौंपा ज्ञापन

मुंगेली, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जिला मुंगेली ने थाना प्रभारी सरगांव को ज्ञापन सौंपकर जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों, कर्मचारियों, ठेकेदारों एवं किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की मांग की है।
संगठन ने ज्ञापन में कहा कि जिले के मेसर्स कुसुम स्मेंटरल, वासुदेव प्लांट, अधिराज सीमेंट (ग्राम रामबोड़) सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के लोग कार्यरत हैं। ऐसे में उनकी पहचान, निवास एवं चरित्र सत्यापन कराया जाना राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक है।
ज्ञापन में हाल ही में छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में आईएसआई से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इस प्रकार की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने प्रशासन से मांग की है कि बिना पुलिस सत्यापन एवं वैध पहचान दस्तावेजों के किसी भी व्यक्ति को रोजगार अथवा आवास उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में समय-समय पर सघन जांच अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा उसकी जानकारी लिखित रूप में संगठन को उपलब्ध कराई जाए।
यह ज्ञापन छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना, जिला मुंगेली के खंड अध्यक्ष राहुल साहू के नेतृत्व में सौंपा गया। संगठन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, जनहित एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस विषय पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *