सरगांव। नगर के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय हेल्पलाइन फाउंडेशन के सदस्यों ने साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान स्कूल परिसर एवं आसपास उगे अनावश्यक झाड़-झंखाड़ और खरपतवार को हटाया गया तथा परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। फाउंडेशन के सदस्य प्रत्येक रविवार को सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता अभियान संचालित कर रहे हैं। अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू तथा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्रविन्द्र गुप्ता ने भी पहुंचकर सहयोग प्रदान किया और युवाओं के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।
नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि “स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। पं. दीनदयाल उपाध्याय हेल्पलाइन फाउंडेशन के युवा जिस तरह हर रविवार स्वेच्छा से विद्यालय और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर समाज को प्रेरित कर रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। ऐसे प्रयासों से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी और नई पीढ़ी में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। नगर पंचायत भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में हर संभव सहयोग करती रहेगी।
उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रामकुमार कौशिक ने कहा कि स्वच्छ विद्यालय का वातावरण विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक शिक्षा वातावरण के लिए आवश्यक है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर शिवा, प्रेम, विशाल, हरीश यादव, नवीन, रुपेन्द्र, अनुराग, अमन वर्मा, कुंवर सोनी, मयंक गुप्ता, भावेश, ओम, सांई साहू, निखिल, अजय, सूरज, विवेक, युग, ज्ञानेश, पवन, लोकेश, प्रिंस कौशिक सहित बड़ी संख्या में फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।
