Headlines

बंद पत्थर खदान में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, शरीर पर चोट के निशान

पथरिया। थाना सरगांव क्षेत्र के पथरिया मोड़ और मोहभट्टा मोड़ के पास स्थित एक बंद पत्थर खदान में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आसपास के लोगों ने उक्त व्यक्ति को एक दिन पहले क्षेत्र में बिना कपड़ों के घूमते हुए देखा था। शनिवार को लोगों ने उसे खदान के पास सोया हुआ समझकर नजरअंदाज कर दिया। काफी समय बाद जब लोग उसके पास पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला।

सूचना मिलने पर सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

प्रारंभिक तौर पर मृतक के शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *