Headlines

त्रिमूर्ति स्कूल में पुलिस ने चलाया साइबर एवं यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान

सरगांव। मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ल के निर्देशन में सरगांव पुलिस थाना द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल, सरगांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता थाना प्रभारी श्री एस.के. शर्मा ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही से बैंक खाता खाली होने, मोबाइल हैक होने अथवा निजी जानकारी दूसरों के हाथ लगने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि अपना ओटीपी किसी के साथ साझा न करें, अनजान लोगों से प्राप्त लिंक पर क्लिक न करें तथा अज्ञात स्रोत से आए ऐप या फाइल डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने डिजिटल सुरक्षा के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन की भी जानकारी दी और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी।

कार्यक्रम में विद्यालय के अतिरिक्त संचालक जितेन्द्र निगम, मुख्य आरक्षक ज्वाला प्रसाद सहित विद्यालय के प्राचार्य सुशांत स्वप्न देवनाथ, मैनेजर अंबिका तिवारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक ज्ञानचंद राय ने किया।

साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना लगातार जारी है। ऐसे अभियानों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *