Headlines

धमनी पहुंच मार्ग की दुर्दशा: गड्ढों में सफर करने मजबूर ग्रामीण

20 गांवों की आवाजाही का मुख्य रास्ता बदहाल, खदान-क्रेशर के भारी वाहनों से बढ़ी परेशानी; जनसुनवाई में मांग के बाद भी जिम्मेदार बेखबर

सरगांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 मनियारी से ग्राम धमनी तक पहुंचने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क पर आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग केवल धमनी ही नहीं, बल्कि धमनी, ककेड़ी, लोहदा, रमतला, पकरिया, चंदली, बदरा सहित करीब 20 गांवों को जोड़ता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर 2 पत्थर खदान, 4 गिट्टी क्रेशर, 1 चूना फैक्ट्री और एक एफसीआई गोदाम संचालित हैं। इन औद्योगिक गतिविधियों के कारण मार्ग पर भारी वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षमता से अधिक वजन वाले वाहनों की आवाजाही से सड़क की हालत लगातार खराब होती गई। बारिश के दौरान स्थिति और भी बदतर हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। 10 जुलाई को ग्राम धमनी में हुई पर्यावरणीय जनसुनवाई में भी घमनी के उपसरपंच अजाज अली ने सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की थी। उम्मीद थी कि जनसुनवाई के बाद सड़क की स्थिति में सुधार होगा, लेकिन बारिश का पूरा मौसम निकलने के बाद भी निर्माण तो दूर, मार्ग की आवश्यक मरम्मत तक नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि खनिज परिवहन से जुड़े भारी वाहनों के कारण सड़क पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव और क्षेत्र के करीब 20 गांवों की निर्भरता को देखते हुए मार्ग का स्थायी समाधान जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का निरीक्षण कर तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने तथा भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करते हुए गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *