Headlines

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का विद्युत कार्यालय घेराव

सिलदहा में धरना-प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी, स्मार्ट मीटर का सांकेतिक पुतला फूंका

मुंगेली/पथरिया। जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के अध्यक्ष श्री घनश्याम वर्मा के निर्देश पर पथरिया ब्लॉक के ग्राम सिलदहा में स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल एवं विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के उपाध्यक्ष अधिवक्ता दिलीप कौशिक ने किया। उनके साथ सह प्रभारी संतोष पाली, ओम प्रकाश साहू तथा मंडल कांग्रेस कमेटी सिलदहा के अध्यक्ष त्रिलोकी वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
आंदोलन की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद ग्राम सिलदहा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सुंदरलाल वर्मा, जनपद पंचायत पथरिया एवं ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व नेता स्व. द्वारिका प्रसाद वर्मा तथा पूर्व जनपद सदस्य स्व. बिसूहा राम निर्मलकर सहित क्षेत्र के दिवंगत कांग्रेसजनों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित लोगों ने अपने पुरखों के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
धरने को संबोधित करते हुए आंदोलन प्रभारी दिलीप कौशिक ने भाजपा सरकार पर किसानों, गरीबों, मजदूरों, युवाओं एवं महिलाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही किसानों के हित में कर्जमाफी करती रही है, जबकि भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बढ़ते बिजली बिल से परेशान है।
दिलीप कौशिक ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से दी जा रही राशि को बढ़ी हुई बिजली दरों के जरिए वापस लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली बिल में वृद्धि का बोझ आम उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से आगामी चुनावों में कांग्रेस विचारधारा के प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की बिजली, राजस्व, पुलिस थाना एवं जनपद पंचायत से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों से गलत कार्यों का एकजुट होकर विरोध करने और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार एवं विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान स्मार्ट मीटर का सांकेतिक पुतला तैयार कर उसे विस्फोट के जरिए चिथड़ा किया गया तथा बिजली बिल की प्रतियां भी जलाई गईं। प्रदर्शन में आसपास के ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी द्वारा निर्धारित ज्ञापन विद्युत विभाग के अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विद्युत संबंधी समस्याओं सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जागेश्वरी वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश मिरी, मंडल कांग्रेस कमेटी सिलदहा अध्यक्ष त्रिलोकी वर्मा, संतोष पाली, ओम प्रकाश साहू, पवित्र साहू, टोप सिंह राजपूत, सूरज निर्मलकर, कोमल धृतलहरे, सिलदहा सरपंच प्रतिनिधि राहुल वर्मा, टी.एन. वर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *