रायपुर, 07 सितंबर 2026।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने न्यायाधिपति श्री कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में किया गया।
शपथ ग्रहण से पहले न्यायाधिपति श्री कृष्ण राम महापात्र उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने उन्हें राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति भी सौंपी तथा मुख्य न्यायाधीश पद की नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री सुनील सोनी एवं श्री अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की।
मुख्य न्यायाधीश श्री कृष्ण राम महापात्र की धर्मपत्नी श्रीमती अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण भी समारोह में उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने पढ़ा राष्ट्रपति का वारंट
शपथ ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव श्री विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह विभाग श्रीमती निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता श्री विवेक शर्मा तथा उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल श्री रजनीश श्रीवास्तव सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं हाईकोर्ट के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश
न्यायाधिपति श्री कृष्ण राम महापात्र छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। उनके पदभार ग्रहण के साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है।





















