मुंगेली/सरगांव// प्रदेश में मनरेगा को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी द्वारा 12 जनवरी से 26 फरवरी तक चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ अभियान” के तहत पथरिया ब्लॉक के ग्राम चुनचुनिया (सरगांव) में जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मनरेगा के तहत गोदी खुदाई कर श्रमदान करते हुए सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में मनरेगा को कमजोर किए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी, मजदूरी भुगतान में देरी और नियमों में किए गए बदलावों को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मनरेगा की आत्मा को खत्म किया जा रहा है – घनश्याम वर्मा
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि मनरेगा देश की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसने ग्रामीण गरीबों को रोजगार की गारंटी दी। लेकिन वर्तमान सरकार लगातार नियम बदलकर इस योजना की मूल भावना को खत्म करने पर तुली हुई है। काम के दिनों में कटौती, भुगतान में देरी और जटिल प्रक्रियाओं से मजदूर परेशान हैं।
मजदूरों के अधिकारों से खुला खिलवाड़ – उमेश कुमार सोनी
कार्यक्रम के ब्लॉक प्रभारी एवं जिला मुंगेली के उपाध्यक्ष उमेश कुमार सोनी ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण ग्रामीण मजदूरों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है मनरेगा – मुकेश साहू( सरगांव मंडल अध्यक्ष)
मुकेश साहू ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि गांवों की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसे कमजोर करने का सीधा असर गरीब परिवारों पर पड़ेगा। कांग्रेस मांग करती है कि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में लागू किया जाए और मजदूरों को समय पर पूरा भुगतान मिले।

गांव की आत्मा पर हमला कर रही है सरकार – नेतराम साहू
नेतराम साहू ने महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि “देश की आत्मा गांवों में बसती है”, लेकिन वर्तमान सरकार गांवों से रोजगार छीनने का काम कर रही है। कांग्रेस सिर्फ काम और पूरे दाम की गारंटी मांग रही है। 26 फरवरी तक जारी रहेगा अभियान कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मनरेगा बचाओ अभियान 26 फरवरी तक पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य ब्लॉकों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर
जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश मीरी, कार्यक्रम के ब्लॉक प्रभारी उपाध्यक्ष जिला मुंगेली उमेश कुमार सोनी, नेतराम साहू, ग्वाला दास, अनंत, सरगांव मंडल अध्यक्ष मुकेश साहू, टीकाराम यादव,सरगांव के नेता प्रतिपक्ष रामखेलावन साहू,एजाज अहमद, कृष्णा साहू, राधेश्याम मारकंडे, इस्माइल मेमन, गीता साहू, रामकुमार साहू, हलीम खान, वहाब खान, मुन्ना खान, आशुतोष पांडे, दिलहरण श्रीवास, जयराम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।















