मनरेगा बचाओ संग्राम और धान खरीदी तिथि बढ़ाने की मांग
बिलासपुर (छ.ग.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस के अवसर पर 30 जनवरी 2026, शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा द्वारा “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना एवं सांकेतिक चक्काजाम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के किसानों की धान खरीदी हेतु निर्धारित तिथि को बढ़ाए जाने की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
धरना-प्रदर्शन रायपुर रोड स्थित धन्वन्तरि मेडिकल स्टोर एवं पुराने पंचायत भवन के पास, तिफरा में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न होगा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण के अध्यक्ष श्री महेंद्र गंगोत्री मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त समन्वयक श्री सुरेश ठाकुर एवं श्री बिहारी देवांगन की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष श्री लक्ष्मीनाथ साहू ने बताया कि इस धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, तिफरा ब्लॉक अंतर्गत पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पूर्व पार्षद सहित प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर एवं बूथ कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक समेत समस्त अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक होगा, जिसका उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार का ध्यान मनरेगा और किसानों से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों की ओर आकर्षित करना है।















