Headlines

ज्योत जवारा विसर्जन के साथ चैत्र नवरात्रि का भव्य समापन


सरगांव। क्षेत्र में पावन पर्व चैत्र नवरात्रि का समापन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच ज्योत जवारा विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने देवी मां की आराधना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।


अष्टमी के दिन आदि शक्ति महामाया देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। नवमी तिथि पर अंतिम दिन मंदिर से ज्योत विसर्जन यात्रा पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ निकाली गई। सेवा-जस गीत मंडलियों की अगुवाई में निकली इस शोभायात्रा ने नगर के मुख्य मार्गों को भक्ति में सराबोर कर दिया। देवी गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा।


नवरात्रि के दौरान धूमेश्वरी देवी मंदिर और मां मानसा देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में जवारा बोकर नौ दिनों तक विधिपूर्वक सेवा-पूजा की। कन्या पूजन कर बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका आशीर्वाद लिया गया।


विसर्जन यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पुलिस और नगर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


नौ दिनों तक माता की सेवा के बाद विसर्जन के इस भावुक क्षण में कई श्रद्धालुओं की आंखें नम भी नजर आईं। महामाया मंदिर समिति के अध्यक्ष शिव पाण्डेय ने बताया कि ज्योत जवारा कार्यक्रम धार्मिक एकता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का संदेश देता है तथा जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है।


इस अवसर पर पं. खंडेश्वर तिवारी, नप अध्यक्ष परमानन्द साहू, पूर्व अध्यक्ष राम जुड़ावन साहू, गोपाल साहू, धनीराम साहू,शंकर लाल साहू, उदित साहू,ललित यादव,देव साहू,राधे साहू,लक्ष्मण वर्मा,सुशील साहू विष्णु अग्रवाल सहित  अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *