बिलासपुर । छत्तीसगढ सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को तिफरा हाई स्कूल में सुशासन तिहार का आयोजन किया गया था जिसमें शिविर के माध्यम से नगर निगम बिलासपुर वार्ड क्रमांक 5, 6, 7 और 8 की जनता से शासन द्वारा निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से मांग या शिकायत आमंत्रित किए जा रहे थे ! शिविर के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू एवं स्थानीय पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज किया और शिविर के नाम पर राजनीति करने और सरकारी पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया ! कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि इससे पहले भी भाजपा सरकार द्वारा सुशासन तिहार मनाया गया है लेकिन शिविर में प्राप्त आवेदनों का आजतक कोई निराकरण नहीं हो सका है आज भी संबंधित क्षेत्र के लोग मूल भूत सुविधाओं से वंचित हैं ऐसे में बार बार सुशासन तिहार के नाम पर जनता को मूर्ख बनाना और करोड़ों रुपये बर्बाद किया जाना दुर्भाग्यजनक है ! लोकतांत्रिक विरोध के पश्चात निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे को ज्ञापन सौंपकर मोदी की गारंटी के तहत 500 रु में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, पट्टा वितरण, तिफरा-सिरगिट्टी-परसदा को मिलाकर पृथक नगर निगम बनाने, महिला आरक्षण तत्काल लागू करने, जाति जनगणना, किसानों को सुरक्षा सहित दस सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की !

जाति जनगणना हेतु केन्द्र को प्रस्ताव भेजे राज्य सरकार – लक्ष्मीनाथ साहू
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने सुशासन तिहार में आवेदन के माध्यम से माँग की है की पिछड़ा वर्ग समुदाय के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करने जाती जनगणना कराए जाने हेतु राज्य सरकार से केंद्र को प्रस्ताव भेजने की माँग की है !

महिला आरक्षण तत्काल लागू की जाए – गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू
नगर निगम वार्ड क्रमांक – 5 की पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने सितंबर 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा की वर्तमान सीटों पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तत्काल लागू करने प्रस्ताव भेजने राज्य सरकार से मांग की है !

















