सरगांव, 16 जून। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरगांव में सत्र 2026-27 के प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व व्यवस्थापक रामअवतार अग्रवाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राम जुड़ावन साहू, समिति सदस्य फाल सिंह क्षत्रिय तथा विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार वर्मा सहित विद्यालय परिवार के आचार्य, दीदी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत तिलक एवं पुष्प भेंट कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को आगामी समय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित करते हुए आशीर्वचन दिए।
कार्यक्रम में लगभग 30 छात्र-छात्राओं एवं पूर्व छात्रों की सहभागिता रही। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के आचार्य फेरहाराम साहू ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही प्रवेश उत्सव का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

