सरगांव। नगर पंचायत सरगांव में जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की सहायता के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 13 की निवासी श्रीमती निर्मला देवी देवार एवं वार्ड क्रमांक 15 के निवासी श्री प्रदीप कुमार यादव को व्हीलचेयर प्रदान की गई। शारीरिक असक्षमता के कारण दोनों हितग्राहियों को दैनिक जीवन के कार्यों एवं आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

व्हीलचेयर प्राप्त होने पर दोनों हितग्राहियों एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्गों की सहायता करना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी का नैतिक दायित्व है। “हर चेहरे पर मुस्कान और हर व्यक्ति के जीवन में सुविधा, आत्मसम्मान एवं आत्मनिर्भरता बनी रहे, यही हमारा सतत प्रयास है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील एवं जनहितैषी सोच से प्रेरित होकर हम जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।”
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्री मनोज यादव, प्रतिनिधि श्री पवन साहू सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं।
