सरगांव, 26 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर थाना सरगांव के थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा ग्राम बावली के खरसोला तिराहा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार में उपस्थित आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों को अवैध मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी से सतर्क रहने की समझाइश दी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। आमजन ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।
अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर थाना सरगांव पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान
