मुंगेली, 30 जून 2026 – ग्राम पंचायत भालापुर में लगभग 20–25 वर्ष पुराने संत गुरु रविदास जी के मूर्ति स्थल के संरक्षण, पुनर्स्थापना, अवैध कब्जा हटाने एवं जीर्णोद्धार की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों ने जिला कलेक्टर एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी, मुंगेली को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम भालापुर में स्थापित संत गुरु रविदास जी की प्रतिमा वर्षों से क्षेत्रवासियों की श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक समरसता का केंद्र रही है। आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए मूर्ति स्थल के आसपास अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे स्थल का स्वरूप प्रभावित हुआ है और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण वह जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मूर्ति स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, चबूतरे का निर्माण कराया जाए तथा स्थल के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक शासकीय स्वीकृति एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके।

इस आंदोलन एवं ज्ञापन कार्यक्रम का नेतृत्व भीम आर्मी, मुंगेली के जिलाध्यक्ष नोबिल नवरंग ने किया। उनके साथ युवा मेहर मुंगेली के अध्यक्ष सुरेन्द्र पठारी, अजय कुमार, धर्मेंद्र टोंडे, समीर जांगड़े, सुनील पठारी, मनीराम बघेल, अरुण पात्रे सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस संबंध में प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज शाम एसडीएम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एवं तहसीलदार की संयुक्त टीम ग्राम भालापुर पहुंचकर मूर्ति स्थल का निरीक्षण करेगी तथा मौके की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि संत गुरु रविदास जी के ऐतिहासिक मूर्ति स्थल का संरक्षण सुनिश्चित हो सके और क्षेत्रवासियों की आस्था का सम्मान बना रहे।
