सरगांव, 1 जुलाई। नगर पंचायत सरगांव में रिक्त उपाध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होगा। हाल ही में हुए उपचुनाव के बाद परिषद में बने नए राजनीतिक समीकरण ने इस चुनाव को बेहद रोचक और नाज़ुक बना दिया है। 15 सदस्यीय परिषद में दोनों खेमों की ताकत बराबरी पर पहुंच गई है, जिससे उपाध्यक्ष का चुनाव चर्चा का विषय बना हुआ है।
वर्तमान स्थिति में भाजपा के पास 7 पार्षदों के साथ अध्यक्ष का एक मत मिलाकर कुल 8 वोट हैं, जबकि कांग्रेस के पास भी 8 पार्षद हैं। ऐसे में दोनों पक्ष बराबरी की स्थिति में हैं और नगर में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि जीत का फैसला दलगत एकजुटता, क्रॉस वोटिंग या फिर बराबरी की स्थिति बनने पर टॉस से होगा।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद एजाज अहमद को अपना प्रत्याशी लगभग तय कर लिया है। वहीं भाजपा की ओर से पूजा कमल कौशिक, सविता कौशिक, मनोज यादव और सुषमा पोषण यादव के नामों पर चर्चा है, हालांकि पार्टी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
गौरतलब है कि पिछले उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 9-7 के अंतर से जीत हासिल की थी। उस दौरान कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधि का आरोप लगाते हुए एक पार्षद को निष्कासित कर दिया था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार कांग्रेस अपने सभी पार्षदों को एकजुट रखने की रणनीति पर विशेष ध्यान दे रही है।
प्रशासन ने चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पंचायत कार्यालय में मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। चुनाव प्रक्रिया का संचालन प्राधिकृत अधिकारी एवं एसडीएम रेखा चंद्रा करेंगी। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बराबरी के इस राजनीतिक मुकाबले में बाजी किसके हाथ लगेगी। सरगांव नगर पंचायत का नया उपाध्यक्ष कौन बनेगा, इसका फैसला आज दोपहर तक हो जाएगा।
