Headlines

सरगांव नगर पंचायत में नामांकित पार्षद (एल्डरमैन) को लेकर सियासी चर्चा तेज, नए चेहरों की एंट्री ने बढ़ाई हलचल


सरगांव//
            छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत नगर पंचायत सरगांव में तीन पार्षदों का मनोनयन किया गया है। शासन ने पंकज वर्मा (पूर्व पार्षद, वर्तमान मंडल महामंत्री), राजकुमार साहू (छोटू ठेकेदार)  एवं गोपाल जुनेजा को मनोनीत पार्षद बनाया है।


इस सूची के सामने आते ही नगर की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खासकर कुछ नए चेहरों को मौका मिलने से राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल उठ रहा है कि पार्टी और संगठन के कई ऐसे कार्यकर्ता, जिन्होंने लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई और खुद को इस पद का प्रबल दावेदार मान रहे थे, उन्हें इस बार अवसर नहीं मिल सका।


वहीं, कई लोगों का मानना है कि मनोनयन में संगठन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखा गया है, जबकि दूसरी ओर कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। नगर में चाय चौपाल से लेकर राजनीतिक बैठकों तक इसी विषय पर चर्चा हो रही है कि आखिर किन आधारों पर नामों का चयन किया गया।
हालांकि, मनोनीत पार्षदों के समर्थकों का कहना है कि सभी तीनों नाम संगठन से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए शासन ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है। अब देखना होगा कि यह मनोनयन नगर पंचायत की राजनीति में क्या नया समीकरण बनाता है और नाराज कार्यकर्ताओं को संगठन किस तरह साधता है।

जिन लोगों को “हकदार” माना जा रहा था, उन्हें अवसर नहीं मिलने की चर्चा स्थानीय स्तर पर हो रही है। यह स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं पर आधारित है और संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *