मुंगेली, 3 जुलाई 2026।
ग्राम पंचायत सोनपुरी के सरपंच एवं ग्रामवासियों द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में पदस्थ सहायक शिक्षक पर शराब के नशे में विद्यालय आने और अनुशासनहीनता की शिकायत किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सोनपुरी के सरपंच और ग्रामीणों ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि सहायक शिक्षक महाजन राम जाटवर विद्यालय में नशे की हालत में आते हैं, नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करते तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिकायत पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी पथरिया द्वारा 3 जुलाई को औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सहायक शिक्षक महाजन राम जाटवर शराब के नशे की अवस्था में पाए गए। मेडिकल परीक्षण कराए जाने पर भी उनके शराब सेवन की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली ने इसे शासकीय कर्मचारी के आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।
निलंबन अवधि में संबंधित शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पथरिया निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए विद्यालय में नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
