सरगांव – संकुल स्रोत केंद्र धमनी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला लोहदा में पदस्थ सहायक शिक्षक (विज्ञान) श्री प्रवीण कुमार कोशले के मूल शाला हेतु कार्यमुक्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री प्रवीण कुमार कोशले ने 06 दिसंबर 2022 को शासकीय प्राथमिक शाला लोहदा में पदभार ग्रहण किया था। अपने लगभग साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुशासन एवं विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी कार्यकुशलता की अमिट छाप छोड़ी। उन्हें 20 जुलाई 2026 को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सरगांव (कन्या) के लिए कार्यमुक्त किया गया। इस अवसर पर संकुल प्राचार्य दिलीप कुमार ठेठवार ने कहा कि, “समर्पित शिक्षक ही शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। श्री प्रवीण कुमार कोशले ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य का परिचय दिया है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और हमें विश्वास है कि वे अपनी नई पदस्थापना में भी विद्यार्थियों एवं शिक्षा जगत के लिए इसी प्रकार प्रेरणास्रोत बनेंगे।” व्याख्याता अजय कमल, प्रधानपाठक मोतीलाल अनंत एवं बलजीत सिंह कांत ने भी अपने उद्बोधन में श्री कोशले के मिलनसार व्यक्तित्व, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं विद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए।शुभकामनाएं दीं।।समारोह के दौरान श्री प्रवीण कुमार कोशले का शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल, नारियल, सम्मान-पत्र, पेन एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। विद्यालय परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर रामसिंह ठाकुर, प्रकाश मनहर, ए.आर. नागेश, द्वारिका प्रसाद चतुर्वेदी, जानेश्वर साहू, शंभू प्रताप सिंह, मोहन लहरी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावनाओं से ओतप्रोत रहा। उपस्थित सभी शिक्षकों ने श्री कोशले के स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
